चमोली में THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसा, कई मजदूर फंसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही THDC की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी घुस गया। हादसे के समय टनल में करीब 18 से 19 मजदूर काम कर रहे थे। घटना के बाद कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई है।

1.8 किलोमीटर के निशान पर आया मलबा और पानी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच पिपलकोटी स्थित निर्माणाधीन सुरंग में करीब 1.8 किलोमीटर के निशान पर अचानक मलबा और पानी बाहर निकल आया। इससे टनल के अंदर काम कर रहे मजदूरों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शाम करीब 7:05 बजे मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टनल में मलबा और पानी आने की सूचना मिली थी। टनल का निर्माण कार्य HCC कंपनी द्वारा किया जा रहा है।

अब तक 13 मजदूर सुरक्षित बाहर निकाले गए

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक 13 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मौके पर NDRF, उत्तराखंड SDRF, सेना, ITBP, स्थानीय पुलिस और CISF की टीमें तैनात हैं। मलबा हटाने के लिए निर्माण कंपनी की मशीनरी भी लगातार काम कर रही है।

बड़ी संख्या में बचावकर्मी मौके पर तैनात

घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार की निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर NDRF के 27, SDRF के 42, DRF के 4 और फायर सर्विस के 9 जवान तैनात हैं। इसके अलावा मेडिकल टीम, जिला प्रशासन और HCC कंपनी के संसाधन भी बचाव कार्य में लगाए गए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना, ITBP, NDRF और SDRF की अतिरिक्त टीमों को गौचर और जोशीमठ से भी रवाना किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल में मलबा और पानी आने की सूचना मिली है। उन्होंने अधिकारियों को सभी बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। प्रशासन और बचाव टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल टनल में फंसे अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Related Articles

Back to top button