स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ कांग्रेस का अभियान, घर-घर बांटे आवेदन पत्र

राजधानी रायपुर में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने जन अभियान शुरू किया है। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने से अभियान की शुरुआत की। बारिश के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं को आवेदन पत्र वितरित किए और उन्हें भरकर बिजली विभाग में जमा करने की अपील की।
बढ़े बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी
अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहे हैं। लोगों ने कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी शिकायतें रखते हुए बिजली बिलों की जांच और समाधान की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी के दौरान बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं से पहले ही परेशान थे, वहीं अब बढ़े हुए बिजली बिलों ने उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि उनकी निष्पक्ष जांच हो सके।
मेनन ने राज्य सरकार पर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अभियान के दौरान कई महिलाओं ने पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाने की मांग भी उठाई।
70 वार्डों तक चलेगा अभियान
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने बताया कि यह अभियान रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाएंगे और उपभोक्ताओं की शिकायतें एकत्र करेंगे।
वहीं, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए।
प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो बिजली उपभोक्ताओं के हित में कांग्रेस आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लाखेनगर बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही उपभोक्ताओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता भी प्रदान की गई। कांग्रेस का कहना है कि एकत्रित आवेदनों के आधार पर बिजली विभाग से बिलों की जांच और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान की मांग की जाएगी।



