एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाले एथलीट श्री अनिमेष कुजूर ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जशपुर की माटी के बेटे अनिमेष कुजूर ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। भारतीय टीम द्वारा राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करना इस सफलता को और खास बनाता है।
मुख्यमंत्री ने अनिमेष कुजूर से उनके प्रदर्शन, प्रशिक्षण और खेल यात्रा के संबंध में आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कहा कि अनिमेष की उपलब्धि प्रदेश के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना साबित करता है कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर छत्तीसगढ़ के युवा दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर से सरगुजा और जशपुर तक ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं की पहचान शुरुआती स्तर पर की जाए और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष जैसे खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश में विकसित हो रही नई खेल संस्कृति को मजबूती देती है। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी में यह विश्वास जगाती हैं कि अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अनिमेष को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी समर्पण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहें और आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में देश के लिए और पदक जीतें। इस दौरान अनिमेष कुजूर ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए।
जशपुर के गांव से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक का सफर
उल्लेखनीय है कि श्री अनिमेष कुजूर जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुईटांगर के निवासी हैं। उन्होंने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने इस स्पर्धा में 41.06 सेकंड का समय दर्ज कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
जशपुर के ग्रामीण अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने तक का अनिमेष का सफर छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर अनिमेष कुजूर के पिता श्री अमृत कुजूर, माता श्रीमती रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



