Chhattisgarh Rain Alert: रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश, गिरे पेड़, जनजीवन प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी Raipur समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार शाम तेज अंधड़, गरज-चमक और झमाझम बारिश हुई। अचानक बदले मौसम के कारण कई स्थानों पर बड़े पेड़ गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

तेज हवाओं के चलते शहर और आसपास के इलाकों में कई सड़कों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कुछ स्थानों पर वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। रविवार सुबह तक कई जगहों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम जारी रहा, जिसके कारण आवागमन बाधित रहा और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

शाम को फिर बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी Raipur सहित प्रदेश के कई इलाकों में रविवार शाम फिर मौसम बिगड़ सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।

विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न रहने की सलाह दी है। साथ ही किसानों और वाहन चालकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

गर्मी से मिली राहत

बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश से लोगों को राहत जरूर मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज होने से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन तेज अंधड़ और बारिश ने कई इलाकों में अव्यवस्था भी पैदा कर दी।

Related Articles

Back to top button