नाबालिग बेटे से देश विरोधी नारे लगवाने का मामला: पत्नी ने लिया यू-टर्न, बोली- पति निर्दोष, गुस्से में की थी शिकायत

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग बेटे से कथित तौर पर देश विरोधी नारे लगवाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी वसीम मोहम्मद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली उसकी पत्नी अब अपने ही आरोपों से पीछे हट गई है। महिला ने एक नया वीडियो जारी कर कहा है कि उसके पति निर्दोष हैं और पूरा वीडियो हंसी-मजाक में बनाया गया था। उसने यह भी कहा कि गुस्से में आकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और अब वह अपना मामला वापस लेना चाहती है।
हालांकि, महिला की शिकायत के आधार पर रायगढ़ पुलिस पहले ही आरोपी वसीम मोहम्मद को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे भी लगवाए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को एक स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि उसके पति वसीम मोहम्मद ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। साथ ही, उसने अपने नाबालिग बेटे को राष्ट्र विरोधी नारे सिखाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने वसीम मोहम्मद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 351, 152 और 197 के साथ ही छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब महिला ने बदला बयान
अब वायरल हुए नए वीडियो में महिला ने कहा कि उसके पति निर्दोष हैं और वीडियो केवल मजाक के तौर पर बनाया गया था। उसने स्वीकार किया कि गुस्से में आकर उसने पुलिस में शिकायत की थी और अब वह अपना केस वापस लेना चाहती है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
महिला के बयान बदलने के बावजूद पुलिस की ओर से दर्ज आपराधिक प्रकरण की जांच जारी है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। वहीं, महिला के नए बयान के बाद इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।



