BJP की नई टीम का ऐलान: छत्तीसगढ़ से रूपकुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, दीपक महस्के बने सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई टीम का ऐलान कर दिया है। राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
दोनों नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है। रूपकुमारी चौधरी जहां जमीनी राजनीति और महिला संगठन में सक्रिय भूमिका के लिए जानी जाती हैं, वहीं दीपक महस्के की पहचान पार्टी के आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया संगठन से जुड़े रणनीतिकार के तौर पर रही है।
रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान
महासमुंद लोकसभा सीट से भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। अघरिया समाज से आने वाली रूपकुमारी चौधरी ने पंचायत स्तर से राजनीति की शुरुआत कर विधानसभा और लोकसभा तक का सफर तय किया है।
वे इससे पहले बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं और लंबे समय तक भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। जमीनी स्तर पर संगठन के साथ उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
5 जुलाई 1976 को महासमुंद में हुआ जन्म
रूपकुमारी चौधरी का जन्म 5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय क्षेमराज पटेल थे। उन्होंने दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है।
उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ। उनके पति भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में व्यवसाय से जुड़े हैं। रूपकुमारी चौधरी के एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
जिला पंचायत सदस्य से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
रूपकुमारी चौधरी के राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाई।
2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार बसना विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद वे भाजपा की जमीनी राजनीति में लगातार सक्रिय रहीं।
दीपक महस्के बने सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से दूसरी महत्वपूर्ण नियुक्ति दीपक महस्के की हुई है। उन्हें पार्टी के सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। महस्के वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं।
भाजपा संगठन में उनकी पहचान आईटी, सोशल मीडिया, मीडिया और चुनावी रणनीति से जुड़े नेता के तौर पर रही है।
2014 से IT और डिजिटल संगठन में सक्रिय
दीपक महस्के की भाजपा में प्रमुख पहचान आईटी सेल और डिजिटल संगठन के जरिए बनी। वर्ष 2014 में वे छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहे। इस दौरान चुनावी अभियान में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उस समय पार्टी ने चुनावी समन्वय के लिए हाईटेक कॉल सेंटर और ऑडियो-ब्रिज जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद 2018 में भी महस्के भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के तौर पर सक्रिय रहे।
सोशल मीडिया नेटवर्क मजबूत करने में निभाई भूमिका
2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के सोशल मीडिया और डिजिटल वॉलंटियर नेटवर्क को मजबूत करने की कवायद में दीपक महस्के की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पार्टी स्तर पर सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने और क्षेत्रवार व्हाट्सऐप समूहों के जरिए संगठन से जोड़ने की रणनीति पर भी उन्होंने काम किया।
भाजपा के मुखर प्रवक्ता के तौर पर भी पहचान
आईटी और सोशल मीडिया संगठन के साथ-साथ दीपक महस्के ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने नगरीय निकायों में निर्माण नियमितीकरण, कथित भ्रष्टाचार और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा की ओर से कई बार तीखे हमले किए।
अब राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी मिलने के बाद महस्के की भूमिका भाजपा के डिजिटल संगठन और सोशल मीडिया रणनीति में और महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय संगठन में मिली अहम जगह
नितिन नबीन की नई टीम में रूपकुमारी चौधरी और दीपक महस्के की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान देकर महिला संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर पार्टी के डिजिटल संगठन में अहम भूमिका सौंपी गई है।



