पेट्रोल-डीजल संकट पर भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला, PM मोदी से IPL बंद कराने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जारी पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में बघेल ने पीएम मोदी से IPL बंद कराने की अपील करते हुए तंज कसा और इसके पीछे तीन बड़ी वजहें भी गिनाईं।

प्रदेश में पिछले तीन दिनों से कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों में परेशानी बढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार को घेर रही है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर IPL बंद कर दिया जाए तो इससे हजारों लोगों की आवाजाही रुकेगी और ईंधन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों को डॉलर में होने वाला भुगतान भी रुक जाएगा। इसके अलावा सट्टेबाजी पर भी रोक लगेगी। बघेल ने तंज कसते हुए लिखा कि “संघ के कार्यकर्ता भी सटोरिए बनने लगे हैं, वे भी रुकेंगे। करना चाहेंगे सर?”

भूपेश बघेल के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच इसे लेकर बयानबाजी भी शुरू हो गई है। वहीं आम लोगों के बीच पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर चिंता बनी हुई है।

प्रदेश में ईंधन संकट को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई बड़ा आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन कई जिलों में सप्लाई प्रभावित होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button