अरुण साव ने बीड में तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में लिया हिस्सा, बोले- शिक्षा और एकजुटता से समाज को मिलेगी नई दिशा

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक और सामान्य सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने समाज के विकास, सामाजिक एकजुटता और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ विचार साझा किए।
शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया जोर
श्री साव ने कहा कि तैलिक समाज अपने परिश्रम और ईमानदारी के लिए देशभर में प्रतिष्ठित और व्यापक समाज के रूप में जाना जाता है। समाज को हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय मंच समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों के बीच संवाद और सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केशर काकू को श्रद्धांजलि देकर किया नमन
बीड स्थित सोनाजीराव क्षीरसागर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने काकू स्मृति स्थल पर पहुंचकर उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
श्री साव ने केशर काकू को समाज की मजबूत नींव के रूप में स्मरण किया। केशरबाई क्षीरसागर महाराष्ट्र विधानसभा में विधायक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी थीं। अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देशभर की विभिन्न इकाइयों को एकजुट करने और समाज के उत्थान में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने समाज की महिलाओं को भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान श्री साव ने केशर काकू की स्मृति में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
जयदत्त क्षीरसागर के प्रयासों की सराहना
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केशर काकू ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके कार्यों और संकल्पों से समाज के पदाधिकारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केशर काकू के सुपुत्र और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री श्री जयदत्त क्षीरसागर वर्तमान में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में समाज को एकजुट करने और उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
सामान्य सभा में सामाजिक एकजुटता पर मंथन
अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा में भी अरुण साव ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और देशभर से आए प्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की। बैठक में समाज के विकास और सामाजिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सामाजिक एकजुटता बढ़ाने और समाज के उत्थान के लिए मिलकर काम करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।



