रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हादसा, फर्नेस क्षेत्र में गैस बनने से 4 श्रमिक घायल; जांच शुरू

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में मंगलवार को एक औद्योगिक हादसा हो गया। फर्नेस क्षेत्र में अचानक धुआं और तेज गर्मी फैलने से अफरा-तफरी मच गई, जिसकी चपेट में आकर चार श्रमिक घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम में रॉ मैटेरियल में अधिक नमी (मॉइस्चर) होने के कारण फर्नेस हिट होने पर गैस का निर्माण हुआ। गैस ऊपर निकलने से अचानक धुआं फैल गया और मौके पर मौजूद श्रमिकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ कर्मचारी घायल हो गए।

सभी घायल खतरे से बाहर

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायल श्रमिकों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार की निगरानी कर रहे हैं। घायलों में कुछ श्रमिक झुलसे हैं, जबकि एक कर्मचारी के हाथ में फ्रैक्चर की भी जानकारी सामने आई है।

जीएम ने फर्नेस ब्लास्ट की खबरों का किया खंडन

रायगढ़ इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक (जीएम) सुनील पांडा ने फर्नेस ब्लास्ट की घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में कच्चे माल में नमी आने के कारण फर्नेस में गैस का फॉर्मेशन हुआ था, जिससे धुआं फैला। धुएं और गर्मी के कारण मजदूरों में घबराहट फैल गई और कुछ कर्मचारी ऊंचाई से कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं।

सुरक्षा विभाग की टीम जांच में जुटी

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि संयंत्र में हुई घटना में चार श्रमिक घायल हुए हैं। कुछ श्रमिक करीब 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं, जबकि एक कर्मचारी का हाथ टूट गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि विभागीय टीम मौके की जांच के लिए रवाना हो गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा समय-समय पर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की जांच भी की जाती है।

प्रमुख बिंदु

  • रायगढ़ इस्पात संयंत्र के फर्नेस क्षेत्र में हुआ हादसा।
  • चार श्रमिक घायल, सभी की हालत खतरे से बाहर।
  • जीएम ने फर्नेस ब्लास्ट की बात से किया इनकार।
  • गैस फॉर्मेशन और धुआं फैलने से मची अफरा-तफरी।
  • औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच।

Related Articles

Back to top button