मुख्यमंत्री साय सरकार की रायगढ़ को बड़ी सौगात, DMF से 4.13 करोड़ की विकास परियोजनाएं स्वीकृत

छत्तीसगढ़ सरकार ने रायगढ़ जिले के विकास को गति देने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के तहत 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से स्वीकृत इन परियोजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य खनन प्रभावित एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली सबसे बड़ी सौगात
स्वीकृत परियोजनाओं में सबसे अधिक राशि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मंजूर की गई है। धरमजयगढ़ क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा के निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं को मिलेगी गति
ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पांच अलग-अलग योजनाओं को मंजूरी दी गई है। गोरपार, नंदगांव, शाहपुर, नवापारा और पुसल्दा गांवों में नलकूप, सम्पवेल, पाइपलाइन विस्तार और रॉ-वॉटर पंप जैसी परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी।
ITI और स्कूल भवन का होगा उन्नयन
युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धरमजयगढ़ शासकीय आईटीआई भवन के जीर्णोद्धार के लिए 82.86 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नए प्राथमिक विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 14.30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
- स्वास्थ्य संबंधी कार्य – छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (CGMSC)
- पेयजल योजनाएं – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED)
- आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार – छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड
- प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण – जनपद पंचायत धरमजयगढ़
खनन प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।



