रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बड़ा तोहफा, अब मुफ्त में ले जा सकेंगे पसंदीदा किताबें; चौथा एयरोब्रिज भी जल्द होगा शुरू

रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए कई नई सुविधाओं की शुरुआत की है। इनमें सबसे खास ‘फ्लाब्रेरी (Flybrary)’ है, जहां यात्री अपनी पसंद की किताबें निशुल्क पढ़ने के लिए ले सकेंगे। इसके अलावा चौथा एयरोब्रिज, आधुनिक वीआईपी लाउंज, किड्स प्ले जोन और पार्किंग व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
अब मुफ्त में ले जा सकेंगे किताबें
एयरपोर्ट पर पहली बार फ्लाब्रेरी (Flybrary) की शुरुआत की गई है। यहां यात्रियों के लिए हास्य-व्यंग्य, पर्यटन, मनोरंजन, प्रेरक साहित्य और महापुरुषों की जीवनी सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। यात्री इन पुस्तकों को बिना किसी शुल्क के पढ़ने के लिए ले जा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अपने घर भी ले जा सकते हैं।
एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण पर तेजी से काम
स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक योगेश नगाइच ने बताया कि पिछले आठ महीनों से एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
पार्किंग में तीन लेन की नई व्यवस्था
पार्किंग में होने वाली भीड़ और विवाद को कम करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब पार्किंग क्षेत्र में तीन अलग-अलग लेन बनाई गई हैं—
- पहली लेन फास्टैग से भुगतान करने वाले वाहनों के लिए।
- दूसरी लेन नकद भुगतान करने वाले वाहनों के लिए।
- तीसरी लेन कमर्शियल वाहनों के लिए।
इस व्यवस्था से ट्रैफिक जाम कम होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।
चौथा एयरोब्रिज जल्द होगा शुरू
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर चौथे एयरोब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इंस्टॉलेशन की तैयारी जारी है। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को बोर्डिंग और डिबोर्डिंग में अधिक सुविधा मिलेगी।
फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं वाला वीआईपी लाउंज
एयरपोर्ट पर वीआईपी और वीवीआईपी यात्रियों के लिए दो नए वेटिंग लाउंज तैयार किए जा रहे हैं। इनका इंटीरियर फाइव स्टार होटल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले कुछ महीनों में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
बच्चों के लिए बनेगा किड्स प्ले जोन
परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर आधुनिक किड्स प्ले जोन भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा टर्मिनल भवन की नई फॉल्स सीलिंग, आकर्षक इंटीरियर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान
यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट के सामने स्थित चार लेन सड़क को छह लेन में बदला जा रहा है। साथ ही पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और वॉकवे का विस्तार किया जा रहा है, जिससे सामान के साथ टर्मिनल तक पहुंचना पहले से अधिक आसान होगा।
गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक योगेश नगाइच का हाल ही में पदोन्नति के बाद चंडीगढ़ एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में चयन हुआ है। उनके कार्यकाल में रायपुर एयरपोर्ट पर कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गईं, जिनका लाभ अब यात्रियों को मिलना शुरू हो गया है।



