छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया, न्यायधानी नाइट्स की भी शानदार जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मुकाबलों का रोमांच बढ़ता जा रहा है। लीग के सातवें मैच में प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त दी। वहीं, न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।
मैनपाट टाइटन्स ने दिखाया दम, मोहित नायक बने मैच के हीरो
मैनपाट टाइटन्स और राजधानी रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैनपाट की ओर से मनीष वट्टी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। राजधानी रॉयल्स के अनिकेत ने गोल कर स्कोर बराबर किया, लेकिन संदीप ठाकुर के गोल से मैनपाट ने हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त बना ली।
इसके बाद रोशन ने शानदार गोल किया, जबकि मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से गोल दागकर टीम की बढ़त मजबूत की। प्रिंस के गोल ने मैनपाट की जीत लगभग तय कर दी। राजधानी रॉयल्स पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही और उसे 5-2 से हार का सामना करना पड़ा।
मोहित नायक को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस हार के बाद राजधानी रॉयल्स के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
मैच देखने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी पहुंचे। अतिथियों ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
न्यायधानी नाइट्स की लगातार तीसरी जीत
दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है और सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
न्यायधानी नाइट्स की जीत के नायक ड्रैग-फ्लिकर चिराग रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। दूसरी ओर, बैलाडीला बुल्स को अब तक खेले गए मुकाबलों में जीत नहीं मिली है।
26 अक्टूबर को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। वहीं, चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स के बीच भी मुकाबला खेला जाएगा।



