विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की होगी अहम भूमिका: CM विष्णुदेव साय

रायपुर। राजधानी रायपुर के श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि एवं श्री अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। वहीं, मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा कि समाज अपने व्यावसायिक परिश्रम और सेवा कार्यों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति में अहम योगदान दे रहा है।

महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक: राज्यपाल

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को दानशीलता, परोपकार और आपसी सहयोग का अमूल्य संदेश दिया। अग्रवाल समाज व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सेवा और भारतीय अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। समाज के लोगों ने अपने परिश्रम से उद्योग-धंधे स्थापित किए हैं, जिनके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल है। यह सिद्धांत समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और सामूहिक विकास की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने हमें सभी से ज्ञान ग्रहण करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की सीख दी है। नई पीढ़ी को त्वरित सफलता के पीछे भागने के बजाय पारंपरिक मूल्यों और संस्कारों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग और व्यवसाय की अपार संभावनाएं हैं। अग्रवाल समाज इन अवसरों का लाभ उठाकर नए उद्योग स्थापित करे, तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य में समाज की अहम भूमिका: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह समाज हमेशा से परोपकार और समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। स्वास्थ्य शिविर, गौसेवा, धर्मशाला निर्माण, सामूहिक विवाह और निःशुल्क शिक्षा जैसे कार्यों के माध्यम से समाज जरूरतमंदों की सहायता करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव के दौरान घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण समाज की सेवा भावना का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड में काम कर रही है। राज्य का लक्ष्य जीएसडीपी को 5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वनोपज, बिजली और पानी जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। अग्रवाल समाज अपने व्यावसायिक कौशल और मेहनत से इन संसाधनों पर आधारित आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने की समाजसेवा की सराहना

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। महाराजा अग्रसेन ने समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

घायल गौमाता के इलाज के लिए एम्बुलेंस का लोकार्पण

श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के दौरान घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित इस एम्बुलेंस की सुविधा के लिए मोबाइल नंबर 8109002139 पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और ‘अग्रपुष्प’ त्रैमासिक बुलेटिन के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही प्रतिभाशाली बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ और युवाओं को ‘अग्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडीआर ग्रुप के चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button