अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंकने से आक्रोश, 5 दिन में गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम की चेतावनी

Takhatpur News: बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के पास धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे सहित पूरी प्रतिमा पर गोबर फेंका। बहुजन समाज के लोगों ने इसे महापुरुष का अपमान बताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मौके पर पहुंचकर शुरू किया धरना
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लाखासर मोड़ पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा के पास धरना शुरू कर घटना का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की घटना से सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं और मामले में तत्काल कार्रवाई जरूरी है।
5 दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम
बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी को पांच दिनों के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अखिलेश कोशले ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
फिलहाल बहुजन समाज के लोगों का धरना जारी है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।



