मानसून की विदाई के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, अगले 3 दिन बारिश के आसार

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के बीच एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। ऊपरी हवा में बने चक्रवातीय सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मुंगेली और बलरामपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मानसून की वापसी शुरू होने के बावजूद ऊपरी हवा में बने सिस्टम के कारण बारिश के लिए परिस्थितियां बनी हुई हैं। मंगलवार शाम रायपुर में भी मौसम अचानक बदला। तेज हवा के साथ ठंडी हवाएं चलीं। बुधवार को राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में सामान्य से 29 फीसदी ज्यादा बारिश
इस मानसूनी सीजन में छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हुई है। प्रदेश में 1195.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 23 वर्षों में पांचवीं बार सबसे अधिक बारिश वाले सीजन में शामिल है।
राजधानी रायपुर में इस सीजन 1322.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 29 फीसदी अधिक है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा, जशपुर और बेमेतरा में सामान्य से कम बारिश हुई।
अक्टूबर में अब तक बारिश सामान्य से 99 फीसदी कम
अक्टूबर के शुरुआती छह दिनों में प्रदेश में महज 0.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का औसत 21.3 मिमी है। इस लिहाज से अब तक बारिश सामान्य से करीब 99 फीसदी कम है।
1 अक्टूबर से अब तक मुंगेली में सबसे ज्यादा 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में इस दौरान केवल बूंदाबांदी हुई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में ऊपरी हवा के सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
जशपुर में आंधी के साथ बारिश, बिजली आपूर्ति प्रभावित
जशपुर जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चली और इसके बाद हल्की बारिश हुई।
तेज हवा के कारण बादलखोल अभयारण्य क्षेत्र के नारायणपुर और बगीचा इलाके में कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए। इससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। स्थानीय स्तर पर व्यवस्था बहाल करने का काम किया जा रहा है।
दिन का तापमान 34 डिग्री के पार, उमस भी बरकरार
बारिश की संभावना के बीच प्रदेश में तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। रायपुर में मंगलवार को शाम से पहले उमस ने लोगों को परेशान किया और अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर रहा।
मानसून की विदाई के बाद अब मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल ऊपरी हवा में बने सिस्टम के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।



