मानसून की विदाई से पहले बढ़ी गर्मी, रायपुर में 34.4°C पहुंचा तापमान; अगले 2 दिन बाद बारिश के आसार

Raipur Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। बारिश थमने के साथ प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तेज धूप के कारण राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रदेश से पूरी तरह वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कई जिलों में 33 डिग्री से अधिक तापमान

मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ा है। पेंड्रारोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.6 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 33.6 डिग्री, दुर्ग में 33.5 डिग्री, जगदलपुर में 33.3 डिग्री और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

दिन में तेज धूप निकलने के कारण कई इलाकों में गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। बारिश रुकने के बाद तापमान में हुई बढ़ोतरी से लोगों को उमस और गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

द्रोणिका के प्रभाव से कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ और मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ एक हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

हालांकि, मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बन सकती है।

रायपुर में बढ़ी गर्मी, आज साफ रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ गया है, वहीं रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं होने से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मानसून की विदाई के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button