सिंगापुर में छत्तीसगढ़ के निवेश अवसरों की गूंज, CM साय ने ग्लोबल कंपनियों को दिया निवेश का न्योता

Singapore Visit CM Sai: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहा है। सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय ने गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और इसके बाद SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए।

गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से हुई चर्चा

मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संभावित संस्थागत सहयोग पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न राज्य है। उन्होंने कहा कि गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन, शहरी लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING फोरम 2026 की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के अलावा मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का दिया न्योता

लीडरशिप डिनर के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों और MSME, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में मौजूद निवेश संभावनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

5 अक्टूबर को SING फोरम, 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल आयोजित होगा।

इस बैठक में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक विकास और सिंगापुर के साथ आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button