आज गणेश झांकी विसर्जन के चलते कई सड़कें रहेंगी बंद, भारी वाहनों पर भी रोक

Ganesh Jhanki Raipur 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमा और झांकी विसर्जन का चल समारोह आज सोमवार, 28 सितंबर को निकाला जाएगा। शारदा चौक से शुरू होने वाले इस आयोजन को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था तैयार कर ली है। झांकी के निर्धारित रूट पर रात करीब 8 बजे से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था सुबह करीब 6 बजे तक लागू रहेगी। वहीं, रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
शारदा चौक से महादेवघाट तक निकलेगा झांकी चल समारोह
गणेश झांकियां रात में शारदा चौक से रवाना होंगी। इसके बाद जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेवघाट स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी।
झांकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रूट पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
रात 8 बजे से इन मार्गों पर नो एंट्री
झांकी के रूट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर रात करीब 8 बजे से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से:
- शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक
- आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक
- सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक
- फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली
- बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली
- लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना
- बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना
- कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग
इन मार्गों पर यातायात प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
टाटीबंध से आने वाले वाहन इन रास्तों से जाएं
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबाबाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक होते हुए आगे जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ीनाका मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
भनपुरी और तेलीबांधा के लिए वैकल्पिक मार्ग
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। दूसरा विकल्प फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ीनाका रहेगा।
तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा कालीबाड़ी होकर भी आवागमन किया जा सकेगा।
पचपेड़ीनाका से आने वालों के लिए यह रूट
पचपेड़ीनाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ीनाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन तक आवागमन कर सकेंगे।
रात 12 बजे से भारी वाहनों की नो एंट्री
यातायात व्यवस्था के तहत रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, झांकी के निर्धारित रूट पर वाहनों की आवाजाही पर लगाया गया प्रतिबंध सुबह करीब 6 बजे तक जारी रहेगा।
1500 से ज्यादा जवान संभालेंगे सुरक्षा
गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए राजधानी में 1500 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। थानों की पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहेगी।
भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन से निगरानी करेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।



