छत्तीसगढ़ में बारिश से बाढ़ जैसे हालात, शिवरीनारायण में पुल के ऊपर 6 फीट पानी; SDRF तैनात

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शिवरीनारायण के शबरी पुल के ऊपर करीब 6 फीट पानी बह रहा है, जिसके कारण जांजगीर और शिवरीनारायण के बीच संपर्क प्रभावित हो गया है।

महानदी का जलस्तर बढ़ा, सड़कों पर भरा पानी

लगातार बारिश के बाद महानदी का पानी तटों के ऊपर से बहने लगा है। इसके चलते शिवरीनारायण के बिलासपुर रोड और केरा रोड पर पानी भर गया है। निचले इलाकों में भी पानी पहुंचने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

वार्ड नंबर-1 में पानी भरने के बाद प्रभावित लोगों को सांस्कृतिक भवन में ठहराया गया है। वहीं मेला ग्राउंड में भी पानी भर गया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

नाव से हो रहा लोगों का आवागमन

जलभराव के कारण कुछ प्रभावित इलाकों में लोग नाव के जरिए आवागमन कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।

SDRF की टीम तैनात

बाढ़ प्रभावित और जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF की टीम तैनात की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और रहने की व्यवस्था भी अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर की गई है।

प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button