घुनघुट्टा बांध में डूबे 19 वर्षीय युवक का शव बरामद, मछुआरों ने छलांग लगाते देखा था

अंबिकापुर। घुनघुट्टा बांध में गुरुवार दोपहर डूबे 19 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। युवक स्कूटी से बांध पहुंचा था। वहां मौजूद मछुआरों ने उसे बांध में छलांग लगाते देखा और उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गया।

जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय रितिक गुरुवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे स्कूटी से शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर घुनघुट्टा बांध पहुंचा था। बांध में इन दिनों पानी लबालब भरा हुआ है। इसी दौरान युवक ने बांध की ऊंचाई से पानी में छलांग लगा दी।

मौके पर मौजूद मछुआरों ने युवक को पानी में छलांग लगाते देखा। उन्होंने उसे बचाने के लिए पानी में उतरकर तलाश की, लेकिन युवक गहरे पानी में चला गया। घटना की सूचना मिलने पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार को शुरू किया रेस्क्यू

शुक्रवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा बांध में युवक की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे युवक का शव बांध के गेट के पास फंसा हुआ मिला। एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

युवक का शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘आशिकी-2’ का स्टेटस लगाया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button