रायपुर की राशन दुकानों में स्टॉक में गड़बड़ी, जांच में सामने आया बड़ा अंतर; तीन दुकानदारों से मांगा गया जवाब

राजधानी रायपुर की राशन दुकानों में खाद्यान्न वितरण को लेकर शिकायतों के बाद खाद्य विभाग ने जांच शुरू की है। पंडरी क्षेत्र की तीन राशन दुकानों के निरीक्षण में ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध खाद्यान्न के बीच अंतर सामने आया है। एक दुकान में रिकॉर्ड में 32.25 क्विंटल चावल दर्ज था, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान मौके पर चावल नहीं मिला।
जांच के बाद खाद्य विभाग ने संबंधित दुकानदारों से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों के अनुसार जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों के बाद एसडीएम ने की जांच
राशन दुकानों से हितग्राहियों को चावल नहीं मिलने की शिकायतें विभाग तक पहुंची थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि कुछ दुकानों पर हितग्राहियों को चावल देने के बजाय पैसे दिए जा रहे हैं। इसके बाद मामले की जांच की गई।
विभागीय जांच में दुकानों के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
20 सितंबर को पंडरी की दुकान में जांच
20 सितंबर को पंडरी स्थित मधु पिल्ले स्कूल के पास गंगा मैया स्व-सहायता समूह की राशन दुकान (आईडी 441001058) का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान बंद मिली। इसके बाद दुकान खुलवाकर विक्रेता अंकित साहू की मौजूदगी में खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया।
ई-पॉस मशीन में बीपीएल चावल 0.55 क्विंटल और एपीएल चावल 31.70 क्विंटल, यानी कुल 32.25 क्विंटल चावल दर्ज था। हालांकि भौतिक सत्यापन के दौरान मौके पर चावल उपलब्ध नहीं मिला।
विभाग के अनुसार यह स्थिति छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली आदेश 2016 की संबंधित धाराओं और आबंटन प्राधिकार पत्र की शर्तों के उल्लंघन के दायरे में आती है।
दो अन्य दुकानों में भी स्टॉक का अंतर
इसी दिन खपराभठ्ठी पंडरी क्षेत्र में दुकान संचालक किशोर साहू की दुकान आईडी 441001071 और दुकान आईडी 441001171 का भी निरीक्षण किया गया। दोनों दुकानें जांच के समय बंद मिलीं, जिन्हें खुलवाकर भौतिक सत्यापन किया गया।
दुकान आईडी 441001071 में एपीएल चावल 0.47 क्विंटल अधिक, शक्कर 1.75 क्विंटल अधिक और नमक 0.90 क्विंटल कम पाया गया।
वहीं दुकान आईडी 441001171 में एपीएल चावल 8.90 क्विंटल कम, शक्कर 4.76 क्विंटल अधिक और नमक 4.63 क्विंटल अधिक मिला।
तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
खाद्य नियंत्रक रायपुर भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि तीनों दुकानों की जांच की गई है। जांच के दौरान राशन स्टॉक में काफी अंतर मिला है। संबंधित दुकानदारों से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक एसडीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



