रायपुर में बारिश ने खोली सड़कों की पोल, जलभराव और गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा

Raipur Rain Alert: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश ने शहर की सड़कों की बदहाली सामने ला दी है। झमाझम बारिश के बीच कई प्रमुख और अंदरूनी सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं, जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने और सड़क का डामर उखड़ने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। पानी भरने के कारण कई जगह सड़क और गड्ढों के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
प्रोफेसर कॉलोनी की सड़कें जलमग्न
बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई लगातार बारिश के बाद प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-3 की सड़कों पर जलभराव देखने को मिला। सड़क के दोनों हिस्सों में पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ गई है और डामर के साथ बजरी फैल गई है।
खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां फिसलने का खतरा बढ़ गया है। जलभराव के बीच सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
पुरानी बस्ती रोड से संतोषीनगर तक गड्ढों की परेशानी
बारिश के बाद राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढों की समस्या और गंभीर हो गई है। पुरानी बस्ती रोड पर सड़क के बीच बने गड्ढे अब काफी गहरे हो गए हैं। वहीं सिद्धार्थ चौक के पास सड़क का करीब 10 फीट हिस्सा उखड़ा हुआ बताया जा रहा है।
इसके आगे संतोषीनगर ब्रिज के दोनों तरफ भी सड़क की स्थिति खराब है। कई जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ रहा है।
सड़क के चेंबर और असमतल हिस्से भी बने खतरा
बारिश के पानी की निकासी के लिए सड़कों के बीच और किनारे बनाए गए चेंबर के आसपास भी कई जगह सड़क असमतल हो गई है। गुरु घासीदास कॉम्प्लेक्स से अनुपम गार्डन तक सड़क के कुछ हिस्सों में सड़क उखड़ने और धंसने की स्थिति सामने आई है।
चेंबर के आसपास सड़क का स्तर असमतल होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान पानी जमा होने से इन स्थानों पर खतरा और बढ़ जाता है।
एनएच-53 पर भी जलभराव, यातायात प्रभावित
लगातार बारिश का असर राजधानी से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-53 पर भी देखने को मिला। चंदनीडीह के पास बारिश का पानी हाईवे और सर्विस रोड पर जमा हो गया। जलभराव के कारण दुर्ग की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई।
सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कुछ स्थानों पर यातायात दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति भी बनी।
वार्ड 55 में सीसी रोड निर्माण को लेकर उठे सवाल
जोन-10 के वार्ड 55 में साईं डायग्नोस्टिक से आगे करीब 300 मीटर सड़क को सीसी रोड में तब्दील किया जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर सड़क की ऊंचाई और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
बताया गया कि पहले से खराब सड़क को नाली की ओर ऊंचा किया गया और इसके बाद करीब एक फीट ऊंचाई तक मिक्स मटेरियल डाला गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
निगम ने गुणवत्ता की निगरानी का दिया भरोसा
नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर के अनुसार, फिलहाल सड़क पर बेसमेंट तैयार किया गया है और ठेकेदार के काम की निगरानी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अपर आयुक्त लोककर्म विभाग विनोद पांडेय ने बताया कि कई वार्डों के अंदरूनी क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं घटिया निर्माण पाया जाता है तो संबंधित इंजीनियर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गड्ढे भरने के लिए जोन कमिश्नरों को निर्देश
नगर निगम ने शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को मिक्स मटेरियल से भरने के लिए सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए हैं। हालांकि, लगातार बारिश के बीच गड्ढों की मरम्मत का काम कितना प्रभावी रहता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
फिलहाल रायपुर में जलभराव, गड्ढे और उखड़ी सड़कों ने वाहन चालकों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश का दौर जारी रहने पर इन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।



