नेपाल में बाढ़-भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई, 2 लापता; 5 सुरक्षित लौट रहे

Chhattisgarh Nepal Flood Update: नेपाल में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़ गए हैं। इन परिस्थितियों के बीच नेपाल गए छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन लगातार नेपाल में मौजूद प्रदेश के नागरिकों और उनके परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटा रहा है।

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति की जानकारी मिली है। इनमें से 2 नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौट रहे हैं, जबकि बिलासपुर और सरगुजा के 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी की जानकारी मिली

बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। प्रशासन के अनुसार, उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करने के साथ आवश्यक समन्वय कर रहे हैं।

वहीं रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

बिलासपुर की प्रियंका और सरगुजा की डॉ. मीना लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए समन्वय किया जा रहा है।

इसी तरह सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, के भी नेपाल में लापता होने की सूचना है। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। प्रशासन उनकी तलाश और स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

छत्तीसगढ़ सरकार नेपाल में मौजूद प्रदेश के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है।

सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है, ताकि लापता नागरिकों के संबंध में जल्द से जल्द जानकारी प्राप्त की जा सके और सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

नेपाल में भारी बारिश से बिगड़े हालात

नेपाल में लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़क और आवागमन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हुआ है।

नेपाल में बिगड़ते हालात के बीच वहां यात्रा पर गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी जुटाने और उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया तेज कर दी है।

छत्तीसगढ़ सरकार की हेल्पलाइन

नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471

Related Articles

Back to top button