भारी बारिश के खतरे के बीच बिलासपुर में हाई अलर्ट, अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, कलेक्टर का बड़ा आदेश

Bilaspur Heavy Rain Alert: IMD की ओर से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने और राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक
संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा पहली से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी। सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
हालांकि, विद्यालयों के संस्था प्रमुख, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थित रहकर भवन, फर्नीचर और महत्वपूर्ण अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कंट्रोल रूम हुए सक्रिय
कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को ग्राम कोटवारों और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से समय रहते सतर्क करने को कहा गया है।
बांधों और जलाशयों की होगी लगातार निगरानी
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को बांधों, जलाशयों और नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों के पास जाने से बचें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम या स्थानीय प्रशासन को देने की भी अपील की गई है।



