राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, अभनपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे चर्चा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी के नवनियुक्त 41 जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

राहुल गांधी संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

करीब तीन साल बाद छत्तीसगढ़ दौरा

राहुल गांधी इससे पहले सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ आए थे। लगभग तीन साल बाद उनके प्रदेश दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस इसे संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की दिशा में अहम कदम मान रही है।

जिलाध्यक्षों को मिलेगी टारगेट शीट

कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 29 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

राहुल गांधी कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्षों को टारगेट शीट भी सौंप सकते हैं, जिसमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे।

संगठन पर रहेगा फोकस

कांग्रेस नेतृत्व का उद्देश्य जिला और बूथ स्तर पर संगठन को अधिक मजबूत बनाना है, ताकि आगामी चुनावों और राजनीतिक अभियानों के लिए कार्यकर्ताओं का नेटवर्क और प्रभावी बनाया जा सके। राहुल गांधी का यह दौरा इसी संगठनात्मक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button