छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा हुई महंगी: 10वीं-12वीं की फीस में बड़ी बढ़ोतरी, छात्रों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की फीस में बड़ा इजाफा कर दिया है। मंडल की वित्त एवं कार्यपालिका समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद संशोधित शुल्क संरचना लागू कर दी गई है। नई दरों के अनुसार नियमित, स्वाध्यायी और विभिन्न प्रशासनिक मदों में छात्रों को पहले की तुलना में अधिक शुल्क देना होगा।

नियमित परीक्षा शुल्क में 340 रुपए की बढ़ोतरी

सीजीबीएसई के नए आदेश के मुताबिक 10वीं और 12वीं की नियमित परीक्षा का कुल शुल्क अब 460 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए कर दिया गया है। यानी छात्रों को अब 340 रुपए अतिरिक्त भुगतान करना होगा।

नियमित परीक्षा शुल्क 280 रुपए से बढ़ाकर 480 रुपए कर दिया गया है। वहीं अंकसूची शुल्क 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए और प्रायोगिक परीक्षा शुल्क प्रति विषय 80 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए कर दिया गया है।

स्वाध्यायी छात्रों की फीस में भी इजाफा

स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए भी शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अब संपूर्ण विषयों के लिए हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा शुल्क 1230 रुपए के बजाय 1600 रुपए होगा।

  • एक विषय की परीक्षा फीस: 280 से बढ़कर 500 रुपए
  • दो विषयों की परीक्षा फीस: 340 से बढ़कर 600 रुपए
  • ग्राह्यता शुल्क: 310 से बढ़कर 500 रुपए
  • परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क: 240 से बढ़कर 400 रुपए

विशेष विलंब शुल्क अब 2000 रुपए

मंडल ने विलंब शुल्क और अन्य प्रशासनिक शुल्कों में भी वृद्धि की है।

  • विषय/माध्यम/संकाय परिवर्तन शुल्क: 200 से बढ़ाकर 400 रुपए प्रति विषय
  • स्वाध्यायी विलंब शुल्क: 770 से बढ़ाकर 1000 रुपए
  • विशेष विलंब शुल्क: 1540 से बढ़ाकर 2000 रुपए

पंजीयन शुल्क में भी बढ़ोतरी

छत्तीसगढ़ के बाहर और नवीन स्वाध्यायी छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क 1540 रुपए से बढ़ाकर 2000 रुपए कर दिया गया है।

वहीं राज्य के अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क 560 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए निर्धारित किया गया है।

आवेदन पत्र शुल्क भी बढ़ा

नियमित एवं स्वाध्यायी छात्रों के आवेदन पत्र शुल्क को 80 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा निर्धारित समय सीमा के बाद 31 दिसंबर तक आवेदन जमा करने पर 1540 रुपए के स्थान पर 2000 रुपए शुल्क देना होगा।

सत्र 2026-27 से लागू होंगी नई दरें

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि जिन शुल्क मदों में संशोधन नहीं किया गया है, वे पूर्ववत लागू रहेंगे। नई शुल्क संरचना शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रभावी होगी।

Related Articles

Back to top button