छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीएम साय ने किया ऐलान


रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने शुक्रवार को सुशासन तिहार के तहत बलौदाबाजार के करहीबाजार और महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम कमरौद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और लोगों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाकर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बरगद के पेड़ के नीचे लगी चौपाल
ग्राम कमरौद में मुख्यमंत्री ने बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार खुद जनता के बीच पहुंच रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को सही तरीके से मिल रहा है या नहीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे अब तक प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर सीधे जनता से संवाद कर चुके हैं।
किसानों से नैनो यूरिया अपनाने की अपील
किसानों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए नैनो यूरिया के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि खेती प्रभावित न हो।
कमरौद के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम कमरौद में मातृशक्ति के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, कमरौद से चरोदा तक सड़क निर्माण और मुक्तिधाम निर्माण की घोषणा की।
इस दौरान पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने उसके साथ सेल्फी भी ली। वहीं चिरायु योजना से लाभान्वित बच्चे समीरा जांगड़े और नितिन पटेल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद कार्ड भेंट किया।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को बांटे उपकरण
करहीबाजार में मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग हितग्राहियों को अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया, जबकि कमरौद में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
6000 पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग और अन्य सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। इसके जरिए नागरिक ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और उनका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री Tank Ram Verma, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।



