सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी मुंबई से गिरफ्तार, ऑनलाइन नेटवर्क का खुलासा


रायपुर/मुंबई। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टीम ने मुंबई में छापेमारी कर सट्टा सिंडिकेट के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ एक सहयोगी को भी पकड़ा गया है, जबकि उसका भाई करण खेमानी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को देर रात मुंबई से गिरफ्तार कर फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया है। बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी रायपुर का निवासी है और सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर के रूप में प्रस्तुत करता था।
IPL के दौरान सक्रिय था नेटवर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के लिए एक संगठित डिजिटल नेटवर्क तैयार किया था। इस नेटवर्क के जरिए देशभर में सट्टा खिलाया जा रहा था।
वेबसाइट और ऐप से चलता था सट्टा कारोबार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह खुद की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा था। इनका नेटवर्क महादेव बुक और अन्ना रेड्डी जैसे सट्टा प्लेटफॉर्म की तर्ज पर काम कर रहा था।
सोशल मीडिया के जरिए फैलाया जाल
सट्टा नेटवर्क के प्रचार के लिए सोशल मीडिया का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा था। इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को ऑनलाइन बेटिंग के लिए आकर्षित किया जाता था। इसके लिए इन्फ्लुएंसरों को मोटी रकम दी जाती थी।
जल्द हो सकते हैं बड़े खुलासे
पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।



