ईरानी ‘शाहेद’ ड्रोन पर यूक्रेन का दावा: मध्य पूर्वी देशों को इंटरसेप्टर तकनीक दिखाई—जेलेंस्की


अमेरिका और ईरान के बीच 7 अप्रैल से जारी दो सप्ताह के युद्धविराम के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ईरान के ‘शाहेद’ ड्रोन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने कई मध्य पूर्वी देशों को अपनी इंटरसेप्टर तकनीक का प्रदर्शन किया है, जो ईरान द्वारा दागे गए ड्रोन को मार गिराने में सक्षम है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि यूक्रेन ने अपने सैन्य विशेषज्ञों की टीम को मध्य पूर्व भेजा था। इस टीम में इंटरसेप्टर ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के विशेषज्ञ शामिल थे, जिन्होंने विभिन्न देशों को इन तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने कहा, “हमने कुछ देशों को इंटरसेप्टर के साथ काम करने का तरीका दिखाया। क्या हमने ईरानी ‘शाहेद’ ड्रोनों को नष्ट किया? हां, हमने किया। क्या यह सिर्फ एक देश में हुआ? नहीं, कई देशों में। और मेरी राय में यह एक बड़ी सफलता है।”
गौरतलब है कि हाल के दिनों में खाड़ी देशों को ईरान की ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ा है। इसी बीच जेलेंस्की का यह बयान सामने आया है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन को ‘शाहेद’ ड्रोन से निपटने का वर्षों का अनुभव है, क्योंकि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान ईरान ने रूस को इन ड्रोनों की आपूर्ति की थी। ऐसे में यूक्रेन की तकनीकी मदद मध्य पूर्वी देशों के लिए अहम साबित हो सकती है।



