भिलाई में पीलिया का प्रकोप: 22 बच्चे बीमार, गंदे पानी पर उठे सवाल

 

छत्तीसगढ़ के भिलाई में पीलिया (जॉन्डिस) के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। भिलाई स्टील प्लांट टाउनशिप के सेक्टर-7 इलाके में करीब 22 बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क 37 से 40 के बीच रहने वाले बच्चों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इनमें से करीब आधा दर्जन बच्चों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया था, जिन्हें अब सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इलाके में रोज नए मरीज सामने आ रहे हैं। कई बच्चों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

रहवासियों ने नलों से गंदा और दूषित पानी आने की शिकायत की है। घरों में भरे पानी की गुणवत्ता इतनी खराब है कि वह देखने मात्र से ही अस्वच्छ प्रतीत हो रहा है। लोगों का आरोप है कि यही दूषित पानी बीमारी फैलने की बड़ी वजह हो सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम भिलाई की स्वास्थ्य और जल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक दर्जन घरों से पानी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। वहीं, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button