लखनऊ की फल-सब्जी मंडी में भीषण आग, 15-20 दुकानें जलकर खाक


लखनऊ, 10 अप्रैल: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में गुरुवार देर रात एक फल और सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस घटना में करीब 15 से 20 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अमित कुमार आनंद के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग एक दुकान से शुरू हुई और धीरे-धीरे आसपास की दुकानों में फैल गई, जिससे बड़ा नुकसान हुआ।
फिलहाल, संबंधित अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रहे हैं। साथ ही इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
स्थानीय व्यापारियों को इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।



