दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, स्पीकर की कार पर स्याही फेंककर आरोपी फरार


दिल्ली, 6 अप्रैल | दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर सोमवार को उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब कुछ अज्ञात लोगों ने विधानसभा परिसर में घुसकर स्पीकर की कार पर स्याही फेंक दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गेट नंबर 2 से विधानसभा परिसर में दाखिल हुए और कुछ समय तक परिसर के अंदर ही रुके रहे। इसके बाद उन्होंने अचानक स्पीकर की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर स्याही फेंकी और तेज रफ्तार से वहां से भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदिग्ध कार बिना किसी रोक-टोक के विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गई और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से बाहर निकलने में भी सफल रही। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने सुरक्षा बैरियर को नजरअंदाज करते हुए जबरन विधानसभा परिसर में प्रवेश किया। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस वारदात के बाद दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा में हुई चूक की भी समीक्षा की जाएगी।



