शिवराज सिंह चौहान कल छत्तीसगढ़ दौरे पर, सक्ती में 122 करोड़ के 39 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण-भूमिपूजन

सक्ती। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ वे ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा और उन्हें खुशियों की चाबी सौंपी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में 122 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास और अन्य आधारभूत सुविधाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
AI आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की निगरानी को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन एवं सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ भी किया जाएगा। तकनीक के इस्तेमाल से आवास निर्माण की प्रगति की निगरानी और सत्यापन को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत धार अपार अभियान और सुघ्घर बाड़ी अभियान की शुरुआत की जाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर का भी विमोचन किया जाएगा।
रानी मिस्त्री और लखपति दीदियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में भी कई पहल की जाएंगी। ‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



