राजनांदगांव में जल्द घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, कनेक्शन खर्च करीब 6 हजार रुपए

राजनांदगांव। शहरवासियों की रसोई में जल्द ही गैस सिलेंडर की जगह पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस यानी PNG पहुंचाने की तैयारी है। छत्तीसगढ़ शहरी गैस नीति 2026 के तहत राजनांदगांव में PNG नेटवर्क विकसित करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। परियोजना की कार्ययोजना को लेकर महापौर मधुसूदन यादव की मौजूदगी में नगर निगम, खाद्य विभाग और गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। योजना के तहत शुरुआती कनेक्शन और मीटर का खर्च करीब 6 हजार रुपए तक आने की जानकारी दी गई है।

पहले चरण में इन इलाकों में पाइपलाइन की तैयारी

परियोजना के पहले चरण में अंबेडकर चौक, बसंतपुर चौक, गोकुल नगर, आरके नगर सहित आसपास के विकसित क्षेत्रों को पाइपलाइन नेटवर्क के दायरे में शामिल करने की तैयारी है। पुराने शहर और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में फिलहाल पाइपलाइन बिछाने से बचते हुए बाद में नेटवर्क का विस्तार करने की योजना है।

हर घर में नया PNG कनेक्शन और मीटर लगाया जाएगा। उपभोक्ता जितनी गैस का इस्तेमाल करेगा, उसी के अनुसार हर महीने बिल का भुगतान करना होगा।

ढाई लाख LPG उपभोक्ता

खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी के मुताबिक, जिले में वर्तमान में 15 LPG गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब ढाई लाख उपभोक्ता हैं। PNG नेटवर्क का विस्तार होने पर बड़ी संख्या में लोगों को रसोई गैस के वैकल्पिक विकल्प की सुविधा मिल सकेगी।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पाइपलाइन से गैस घर तक पहुंचने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर रखने और उसकी बुकिंग कराने की परेशानी से राहत मिलेगी। गैस की खपत के हिसाब से भुगतान की व्यवस्था होगी।

ठेलकाडीह से राजनांदगांव तक बिछेगी पाइपलाइन

अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के उप संचालक मंजुल बक्शी ने बताया कि ठेलकाडीह में मुख्य स्टेशन तैयार किया जा रहा है। वहां से राजनांदगांव शहर तक पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके बाद शहर में सब-स्टोरेज स्टेशन के माध्यम से घरों तक पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी।

निगम से अनुमति की प्रक्रिया जल्द

नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने परियोजना को उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में परियोजना के क्रियान्वयन के लिए नगर निगम की ओर से नियमानुसार अनुमति की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह, पार्षद एवं प्रभारी सदस्य आलोक श्रोती समेत संबंधित अधिकारी और गैस एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button