रायपुर में शराब दुकान से 7 लाख की बड़ी चोरी, कैश से भरा लॉकर और CCTV DVR ले उड़े बदमाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश करीब 7 लाख रुपए नकदी से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली। दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कैश से भरा लॉकर गायब है। इसके बाद तत्काल आमानाका थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

CCTV DVR भी ले गए चोर

पुलिस के मुताबिक बदमाश पूरी तैयारी के साथ दुकान में घुसे थे। उन्होंने लॉकर को तोड़ने के बजाय उसे ही उखाड़कर अपने साथ ले जाना ज्यादा आसान समझा। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से CCTV कैमरों का DVR भी निकालकर ले गए, जिससे घटना के प्रत्यक्ष फुटेज हासिल करना मुश्किल हो गया है।

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों, सड़कों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमानाका थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

सुनियोजित साजिश की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस वारदात को पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दिया गया है। बदमाशों को दुकान में रखी नकदी और लॉकर की सटीक जानकारी थी, इसलिए उन्होंने सीधे उसी को निशाना बनाया। पुलिस अब आसपास के संदिग्धों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button