रायपुर में आज रोजगार मेला, दिव्यांग युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका; 30 हजार रुपये तक वेतन


रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे दिव्यांग युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा बुधवार 5 जून को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
रोजगार मेले में चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 11 हजार रुपये से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी सीधे इंटरव्यू में शामिल होकर नौकरी पाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
इन दिव्यांगजनों को मिलेगा अवसर
रोजगार मेले में अस्थिबाधित, बौने, कम सुनने वाले (श्रवण यंत्र की सहायता से) तथा देखने में कठिनाई वाले (चश्मे की सहायता से) दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होना चाहिए तथा वे बिना व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों।
कई प्रतिष्ठित कंपनियां होंगी शामिल
रोजगार मेले में क्रेडालिस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई ट्रेड टेलीमेटिक्स निगरानी जीपीएस, रामा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड, बारबरिक ट्रांसफॉर्मर्स, अविनाश डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, स्काई ऑटोमोबाइल (मारुति नेक्सा) और विश्वभारती ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
रायपुर और सिलतरा में मिलेगी नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रायपुर और सिलतरा स्थित संस्थानों में की जाएगी। रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की मूल एवं छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, बीई, आईटीआई, डीसीए, पीजीडीसीए सहित अन्य शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्रों की अंकसूची और प्रमाण-पत्र साथ लाने होंगे। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में 0771-4044081 पर संपर्क किया जा सकता है।
रोजगार मेले के माध्यम से दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



