WhatsApp पर भेजा टिकट स्क्रीनशॉट नहीं होगा मान्य, दूसरे के मोबाइल से बुक जनरल टिकट पर लगेगा 500 रुपये तक जुर्माना

रायपुर। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अनारक्षित (जनरल) टिकट को लेकर नियम सख्त कर दिए हैं। अब WhatsApp पर मंगाया गया टिकट का स्क्रीनशॉट या किसी दूसरे के मोबाइल से बुक किया गया अनारक्षित टिकट मान्य नहीं होगा। यदि यात्री ऐसा टिकट दिखाकर यात्रा करते हैं, तो उन्हें बिना वैध टिकट माना जाएगा और 500 रुपये तक जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा यात्रा का किराया भी अलग से वसूला जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अनारक्षित टिकट या तो रेलवे टिकट काउंटर से खरीदा जाना चाहिए या फिर यात्री के अपने रजिस्टर्ड मोबाइल पर रेलवे के अधिकृत ऐप के माध्यम से बुक होना चाहिए।

कोरबा-विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस में सामने आया मामला

नियमों की सख्ती का ताजा मामला गाड़ी संख्या 18517 कोरबा-विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस में सामने आया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन कोरबा स्टेशन से शाम 4:10 बजे रवाना हुई। ट्रेन में सफर कर रही एक युवती के पास वैध टिकट नहीं था।

टीटीई के टिकट जांच के दौरान युवती ने अपने भाई को फोन कर ऑनलाइन टिकट बुक कराया और उसका स्क्रीनशॉट व्हाट्सऐप के जरिए मंगवा लिया। जांच के दौरान टिकट पर बुकिंग का समय शाम 4:45 बजे दर्ज मिला, यानी टिकट ट्रेन रवाना होने के बाद बनाया गया था। रेलवे नियमों के अनुसार इसे अमान्य माना गया और युवती से जुर्माना वसूला गया।

19 जून 2026 से बढ़ा जुर्माना

रेलवे ने 19 जून 2026 से बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और सख्त कर दी है। नए नियमों के तहत अब न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ यात्री से यात्रा का किराया भी अलग से लिया जाएगा।

यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश

रेलवे ने यात्रियों को यात्रा के दौरान निम्नलिखित बातों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है—

  • यात्रा शुरू करने से पहले ही वैध टिकट खरीदें या ऑनलाइन बुक करें।
  • यदि अनारक्षित टिकट मोबाइल ऐप से बुक किया गया है, तो वह यात्री के अपने रजिस्टर्ड मोबाइल में ही उपलब्ध होना चाहिए।
  • WhatsApp पर भेजा गया स्क्रीनशॉट, फोटो या फोटोकॉपी वैध टिकट नहीं माना जाएगा।
  • डिजिटल टिकट दिखाने के लिए मोबाइल पर्याप्त चार्ज रखें। टिकट सत्यापित नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई की जा सकती है।
  • ट्रेन रवाना होने के बाद खरीदा गया अनारक्षित टिकट यात्रा के लिए मान्य नहीं होगा।

यात्रियों के लिए सलाह

यदि आप ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट हमेशा यात्रा शुरू होने से पहले ही खरीदें और ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति में अपने रजिस्टर्ड मोबाइल का ही उपयोग करें। किसी दूसरे के मोबाइल से बुक टिकट का स्क्रीनशॉट या व्हाट्सऐप पर भेजी गई कॉपी दिखाकर यात्रा करना अब महंगा पड़ सकता है। रेलवे के नए नियमों का पालन कर यात्री जुर्माने और अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं।

Related Articles

Back to top button