राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से आज रात 8 बजे मिलेंगे INDIA गठबंधन के नेता, राहुल गांधी-खड़गे समेत ये नेता होंगे शामिल

INDIA Alliance News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार रात 8 बजे विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगी। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) से जुड़े मुद्दों और अपनी चिंताओं को लेकर विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से बैठक का समय निर्धारित किया गया।
राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल में 10 से अधिक सदस्य शामिल हो सकते हैं। इनमें छह नेताओं के नाम तय होने की जानकारी सामने आई है। प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव, सीपीआईएम नेता एमए बेबी और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय शामिल होंगे।
प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के नामों पर विचार किया जा रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होंगे।
निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे उठाएगा विपक्ष
विपक्षी गठबंधन राष्ट्रपति के समक्ष भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों और अपनी चिंताओं को रखेगा। इस मुलाकात के जरिए विपक्ष अपनी बात राष्ट्रपति तक पहुंचाने की तैयारी में है।
बैठक में निर्वाचन आयोग से जुड़े किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी और विपक्ष की ओर से क्या मांगें रखी जाएंगी, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।



