बिलासपुर में गरबा की रील पर बवाल, सिगरेट और पिस्टलनुमा वस्तु लहराने के मामले में 9 गिरफ्तार

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रास गरबा कार्यक्रम के दौरान बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवतियां गरबा की पारंपरिक वेशभूषा में सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु लहराते नजर आ रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए बनाई गई थी रील
जानकारी के अनुसार, वायरल रील गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बनाई गई थी। वीडियो में गरबा की पारंपरिक पोशाक पहने युवतियों को सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु का प्रदर्शन करते देखा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
BNS की धाराओं में केस दर्ज, 9 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। साथ ही, उन्हें पाबंद करने के लिए बाउंड ओवर की प्रक्रिया जारी है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर पुलिस की चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी वीडियो या अन्य सामग्री पोस्ट करने से पहले उसकी प्रकृति और संभावित प्रभाव का ध्यान रखें। गरबा की रील को लेकर हुई इस कार्रवाई के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।



