पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल: रायपुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’, 38 जगह बनेंगे संकल्प चौक

Raipur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे। आने वाली पीढ़ियों को इनसे यह प्रेरणा मिलेगी कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मशाल लेकर सीएम साय ने किया सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

पीएम मोदी के 25 साल के सेवाकाल को बताया प्रेरक यात्रा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ की थी।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ पर जोर

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के नागरिकों का सामूहिक संकल्प है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय की है। प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

पीएम मोदी से छत्तीसगढ़ को मिलता है अपेक्षा से अधिक सहयोग: साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया था। इसलिए वे प्रदेश की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के साथ यहां की संभावनाओं से भी परिचित हैं।

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा के दौरान प्रदेश को अपेक्षा से बढ़कर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है। उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है।

सिंगापुर दौरे का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि भारत के राज्य भी दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करें और निवेश, तकनीक, कौशल तथा नवाचार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाएं।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना था। सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।

‘वी विल डू इट’ के संकल्प से विकसित भारत का लक्ष्य होगा पूरा

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयास से इसे हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जब देश का हर नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तब विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।

बृजमोहन अग्रवाल ने दी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button