प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, CM साय बोले- सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक गाथा

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

‘विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण जरूरी’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम किया है। 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर वे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसे पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। एक महीने के इस अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जानने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भाव के जरिए देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि दशकों तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं उन क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं, जहां पहले विकास पहुंचना मुश्किल था। सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।

छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ के रेल कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और उनके क्षेत्रों का विकास प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

सिंगापुर से निवेश की संभावनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण से प्रभावित होकर 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।

उन्होंने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक एवं नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाना है।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- विकसित भारत 2047 में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य है।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button