राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर FIR, आकाशवाणी भवन में जबरन प्रवेश के आरोप में केस दर्ज

Rahul Gandhi FIR News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दिल्ली में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों नेताओं पर आकाशवाणी भवन परिसर में जबरन प्रवेश करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आकाशवाणी भवन प्रबंधन की शिकायत के आधार पर दिल्ली के संसद मार्ग थाने में यह कार्रवाई की गई है। मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च के दौरान हुआ विवाद
दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने 6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला था।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ के नारे के साथ चुनाव आयोग की ओर मार्च किया। आकाशवाणी भवन के पास दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए।
हिरासत की कोशिश के बाद आकाशवाणी परिसर पहुंचने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश किए जाने के बाद उनके आकाशवाणी परिसर की ओर जाने का मामला सामने आया। शिकायत के मुताबिक, राहुल गांधी ने परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की और इस दौरान आकाशवाणी के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों के साथ बहस भी हुई।
आरोप है कि भवन के अंदर प्रवेश नहीं मिलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर धरने पर बैठ गए। दोनों नेता करीब सात घंटे तक वहां मौजूद रहे। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें वहां से हटने के लिए समझाने का प्रयास किया गया।
बताया गया कि देर शाम पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया था। अब इसी घटनाक्रम को लेकर आकाशवाणी भवन प्रबंधन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
आकाशवाणी प्रबंधन की शिकायत पर कार्रवाई
आकाशवाणी भवन प्रबंधन ने संसद मार्ग थाने में शिकायत देकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर परिसर में जबरन प्रवेश करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों कांग्रेस सांसदों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
कांग्रेस बोली- FIR से पीछे नहीं हटेंगे
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके साथ अन्य सांसद भी मौजूद थे। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी कहीं भी जबरन नहीं घुसे।
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अंत तक लड़ाई जारी रखेगी और केवल एफआईआर दर्ज होने से पार्टी पीछे नहीं हटेगी।



