छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाने की तैयारी, CM विष्णुदेव साय पहुंचे सिंगापुर; वैश्विक निवेशकों से करेंगे चर्चा

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को तलाशने और प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुंच गए हैं। यहां वे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे।
भारत के उच्चायुक्त ने किया स्वागत
सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय स्वागत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश को अपनी उपलब्धियों और औद्योगिक संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
CEO राउंडटेबल में निवेशकों से करेंगे चर्चा
SING फोरम 2026 के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय CEO राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं के साथ विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, संसाधनों और अनुकूल कारोबारी वातावरण से अवगत कराना है, ताकि प्रदेश में निवेश के नए रास्ते खुल सकें।
नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग
मुख्यमंत्री की SING फोरम 2026 में सहभागिता को प्रदेश में निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश के अवसरों को व्यापक पहचान दिलाने पर जोर रहेगा।
राज्य सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और उपलब्ध संसाधनों को वैश्विक निवेशकों तक पहुंचाकर विकास, उद्योग विस्तार और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त किया जाए।



