डोंगरगढ़-खैरागढ़ इलाके में फिर दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत; निगरानी पर उठे सवाल

Dongargarh Leopard News: डोंगरगढ़-खैरागढ़ क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी एक बार फिर सामने आई है। ढारा से घोटिया रोड पर देर रात तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को सड़क किनारे देखा और उसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है।

बताया जा रहा है कि तेंदुआ रात करीब 10 बजे ढारा निवासी धवल चावड़ा के फार्म हाउस के पास नजर आया। इस इलाके में तेंदुआ पहले भी कई बार दिखाई दे चुका है। अलग-अलग स्थानों से उसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है।

सितंबर में भी सड़क पर दिखा था तेंदुआ

डोंगरगढ़-खैरागढ़ इलाके में तेंदुए की मौजूदगी पहले भी सामने आती रही है। सितंबर में डोंगरगढ़-खैरागढ़ मार्ग पर एक तेंदुआ पुल पर बैठा हुआ दिखाई दिया था। अब ढारा-घोटिया रोड पर तेंदुए के फिर नजर आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ बार-बार सड़क और आबादी के आसपास दिखाई दे रहा है। ऐसे में वन विभाग की ओर से नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है।

दो जिलों की सीमा से जुड़ा है इलाका

ढारा से घोटिया तक का क्षेत्र दो जिलों की सीमा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में खैरागढ़ और राजनांदगांव वन विभाग के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण हो जाता है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद ग्रामीण वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

हालांकि अभी तक इस क्षेत्र में तेंदुए और इंसान के बीच संघर्ष की कोई घटना सामने नहीं आई है, लेकिन आबादी और सड़क के आसपास वन्यजीव की लगातार मौजूदगी को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।

पहले तेंदुए के शिकार का मामला भी आया था सामने

खैरागढ़-डोंगरगढ़ वन क्षेत्र में पहले तेंदुए के अवैध शिकार का मामला भी सामने आ चुका है। बनबोड़ क्षेत्र में मादा तेंदुए की हत्या के मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी।

ऐसे में वन विभाग के सामने चुनौती दोहरी है। एक ओर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, तो दूसरी ओर जंगल में मौजूद तेंदुए और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।

फिलहाल ढारा-घोटिया रोड पर तेंदुए के दोबारा दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। क्षेत्र में वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button