रायपुर में DGGI की बड़ी कार्रवाई, गुटखा कारोबारी के गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबार से जुड़े एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर अधिकारियों की टीम तीन वाहनों में शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पहुंची और जांच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने गोदाम में रखे दस्तावेजों और गुटखे के स्टॉक की जांच की। अधिकारियों ने मौके से 50 से अधिक बोरे सितार गुटखा जब्त किए हैं। फिलहाल जब्त माल के स्वामित्व और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र से मिले इनपुट पर पहुंची टीम

जानकारी के मुताबिक, DGGI अधिकारियों को महाराष्ट्र से इनपुट मिला था कि रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में गुटखा रखा गया है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

अधिकारियों ने गोदाम मालिक और अन्य संबंधित लोगों को मौके पर बुलाकर पूछताछ भी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।

गुटखा कारोबारी बंटी का नाम सामने आने का दावा

DGGI सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, गोदाम में बरामद गुटखे का संबंध बंटी नाम के कारोबारी से बताया जा रहा है। हालांकि, माल के स्वामित्व और कारोबार से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

सूत्रों के अनुसार, उक्त कारोबारी का दुर्ग में एक पार्टनर भी है, जिसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

महाराष्ट्र से कई राज्यों में सप्लाई का दावा

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कारोबारी महाराष्ट्र से गुटखे का कारोबार संचालित करता है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के कल्याण के पास एक फैक्ट्री से गुटखा तैयार कर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल DGGI की टीम जब्त गुटखे के स्टॉक, दस्तावेजों, कारोबार से जुड़े लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button