1 अक्टूबर से शुरू होगी बजट प्रक्रिया, मार्च तक चलेगी तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां शुरू होने जा रही हैं। राज्य सरकार ने विभागीय बजट प्रस्ताव, राजस्व प्राप्तियों के अनुमान, नई योजनाओं और प्रस्तावित खर्च को लेकर विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 से बजट प्रक्रिया शुरू होगी, जो मार्च 2027 तक चलेगी।

इस दौरान विभिन्न विभागों से बजट प्रस्ताव मंगाए जाएंगे। राजस्व प्राप्तियों और वसूली के अनुमान पर चर्चा के बाद विभागीय प्रस्तावों की समीक्षा सचिव, विभागाध्यक्ष और मंत्री स्तर पर होगी। नई योजनाओं तथा नई मदों से जुड़े प्रस्तावों की भी जांच की जाएगी।

1 अक्टूबर से शुरू होगी बजट प्रक्रिया

वित्त विभाग की समय-सारिणी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को बजट नियंत्रक अधिकारियों को ऑनलाइन बजट मॉड्यूल की लिंक और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें बजट प्रस्तावों और राजस्व प्राप्तियों से संबंधित प्रविष्टियां अलग-अलग की जाएंगी।

विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजने होंगे। इसके बाद प्रस्तावों की विभिन्न स्तरों पर समीक्षा और चर्चा की जाएगी।

19 अक्टूबर तक भेजने होंगे राजस्व प्रस्ताव

वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए राजस्व प्राप्तियों और वसूली के बजट अनुमान से संबंधित प्रस्ताव 19 अक्टूबर 2026 तक वित्त विभाग को भेजने होंगे। इसमें विभागों को कुल राजस्व प्राप्तियों का विवरण भी उपलब्ध कराना होगा।

इसके बाद 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक सचिव स्तर पर राजस्व प्राप्तियों को लेकर चर्चा होगी। इस बैठक में संबंधित विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे।

20 नवंबर तक जमा होंगे विभागीय बजट प्रस्ताव

विभागों के लिए वित्त विभाग को अपने बजट प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इसके बाद 1 से 17 दिसंबर 2026 तक सचिव और विभागाध्यक्ष स्तर पर संयुक्त बजट चर्चा होगी। इस दौरान वित्त विभाग की ओर से मांगी गई जानकारी, विभागीय प्रस्तावों और बजट प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

हालांकि विभागीय प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया मंत्री स्तर पर होने वाली चर्चा के बाद पूरी होगी।

नई योजनाओं और खर्च के प्रस्तावों की होगी जांच

आगामी बजट में नई मदों और प्रस्तावित खर्च से जुड़े प्रस्तावों की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वित्त विभाग के निर्देशों के अनुसार परीक्षित मदों से संबंधित प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं अपरिक्षित नई मदों से जुड़े प्रस्तावों पर मुख्य रूप से मंत्री स्तर की बजट चर्चा के दौरान विचार किया जाएगा। सभी विभागों को जारी समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनवरी 2027 में मंत्रियों के साथ होगी बजट चर्चा

बजट प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की दिशा में 4 से 18 जनवरी 2027 तक मंत्री स्तर पर चर्चा होगी। इस दौरान वित्त मंत्री संबंधित विभागों के मंत्रियों के साथ बजट प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करेंगे।

मुख्य मदों और नई मदों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद बजट प्रावधानों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं वित्त मंत्री के बजट भाषण के लिए आवश्यक सामग्री, परिमाण और अंडर बजट 2027-28 उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि 4 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

फरवरी तक देनी होगी बकाया गारंटियों की जानकारी

बजट प्रक्रिया के अगले चरण में 4 फरवरी 2027 तक वित्त विभाग को बकाया गारंटियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद बजट से जुड़ी अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा किया जाएगा।

31 मार्च तक पुनर्विनियोजन और समर्पण की प्रक्रिया

बजट प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रशासनिक विभागों को 31 मार्च 2027 तक पुनर्विनियोजन और समर्पण के आदेश जारी करने होंगे।

इस तरह छत्तीसगढ़ के वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारी अक्टूबर 2026 से शुरू होकर मार्च 2027 तक विभिन्न चरणों में चलेगी। विभागीय प्रस्तावों से लेकर राजस्व अनुमान, नई योजनाओं, खर्च की समीक्षा और मंत्री स्तर की चर्चा के बाद बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button