एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी से मिले CM साय, 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने संजू देवी को 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गांव और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और पर्याप्त प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि इससे हजारों युवाओं के सपनों को भी नई दिशा मिलती है। संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी।
एशियन गेम्स के अनुभव साझा किए
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने संजू देवी की मेहनत और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि दूरस्थ अंचलों से सामने आने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलें।
फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संजू देवी ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।



