गणेश विसर्जन झांकी से पहले निगम अलर्ट, जर्जर मकानों को खाली कराने के निर्देश

रायपुर। 28 सितंबर को शहर में निकलने वाली गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी को देखते हुए नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मीनल चौबे ने झांकी के रूट का निरीक्षण किया और फूलचौक से सदर बाजार तक जर्जर घोषित किए गए 15 मकानों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम की संयुक्त टीम ने जर्जर मकानों पर भवन मालिकों के नाम से संबंधित नोटिस चस्पा किए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि झांकी के दिन इन जर्जर मकानों को खाली कराकर ताला लगाया जाए और किसी भी दर्शनार्थी को मकान की छत या ऊपरी हिस्से पर चढ़ने की अनुमति न दी जाए।

जर्जर मकानों के सामने लगेंगे बैरिकेड्स

नगर निगम की ओर से भवन मालिकों को सुरक्षा के संबंध में बिंदुवार दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महापौर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जर्जर भवनों के मालिक यदि झांकी के दौरान तीन दिनों के लिए अन्यत्र चले जाते हैं, तो उनके भवनों के सामने बैरिकेड्स लगाए जाएं।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि झांकी देखने के लिए आने वाले नागरिक जर्जर भवनों के सामने खड़े न हों और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

झांकी रूट का किया निरीक्षण

महापौर मीनल चौबे ने सदर बाजार में गणेश विसर्जन झांकी के निर्धारित मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को रूट पर सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, नगर निवेश विभाग के संबंधित अधिकारी और पुलिस थाना के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम ने झांकी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जर्जर भवनों के आसपास विशेष सावधानी बरतने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

Related Articles

Back to top button