सरायपाली को 175 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बुधवार को सरायपाली के नई मंडी प्रांगण में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में करीब 175 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 154 करोड़ 88 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान और छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
24 गांवों में पेयजल सुविधा के कार्यों का लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन के तहत रेट्रोफिटिंग एवं एकल ग्राम योजना से जुड़े 24 ग्रामों में पेयजल सुविधा के लिए 18 करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ 10 लाख रुपये के कार्य भी पूरे किए गए हैं।
अमृत मिशन 2.0 के तहत 139 करोड़ से अधिक के कार्य
कार्यक्रम में 10.21 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी निर्माण तथा अमृत मिशन 2.0 के तहत 139.55 करोड़ रुपये के जल प्रदाय संबंधी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही करीब 5.12 करोड़ रुपये के अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।
विकास कार्यों को समय पर पूरा करना सरकार की प्राथमिकता: साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन करती है, उनका लोकार्पण भी उसी सरकार द्वारा किया जाता है। विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उसका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समस्या के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा ढाई वर्षों में लगभग 12,666 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं।
सरायपाली के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ सरायपाली का विकास भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
रेल लाइन के सर्वे का काम शुरू
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरायपाली क्षेत्र में बिना भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और अब सर्वे का कार्य शुरू हो गया है।
विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पानी की योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



