छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, मानसून की विदाई से पहले भारी बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहीं। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक इसी क्षेत्र में सक्रिय रहा। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
अगले 24 से 48 घंटे में सिस्टम के और मजबूत होने के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकती है। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान इसके अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम के 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने के आसार हैं।
इस मौसमी सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
24 सितंबर को बस्तर संभाग में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश होने के संकेत दिए हैं। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की दिशा और इसकी तीव्रता पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। इसके आगे बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ में बारिश की स्थिति में और बदलाव देखने को मिल सकता है।



